Search

October 9, 2026 2:44 pm

वार्ड पार्षद गुड्डू कुमार भगत की पहल से संवरेगा सदियों पुराना ग्राम रक्षा काली मंदिर, नए भवन का निर्माण शुरू

तांती पाड़ा के नीम तल्ला में भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ।

जनसहयोग से मंदिर को मिलेगा नया स्वरूप; मोहल्लेवासियों में उत्साह।

पाकुड़। आस्था की सदियों पुरानी विरासत को संजोने की पहल अब धरातल पर उतरने लगी है। पाकुड़ नगर क्षेत्र के तांती पाड़ा स्थित नीम तल्ला के प्राचीन ग्राम रक्षा काली मंदिर को नया स्वरूप देने की दिशा में वार्ड पार्षद गुड्डू कुमार भगत ने पहल की है। उनके प्रयास से शुक्रवार को मंदिर के नए भवन निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद निर्माण कार्य की शुरुआत हुई। वर्षों पुराने और छोटे मंदिर भवन की जगह नया भवन बनने की उम्मीद से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।

जर्जर मंदिर को नया स्वरूप देने का लिया संकल्प।

स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्राम रक्षा काली मंदिर करीब 70 से 80 वर्षों से क्षेत्र में आस्था का केंद्र बना हुआ है। पूर्वजों द्वारा निर्मित इस मंदिर से मोहल्ले के लोगों की गहरी धार्मिक आस्था जुड़ी है। हालांकि, समय के साथ पुराना भवन छोटा और जर्जर हो गया था। मंदिर की स्थिति को देखते हुए वार्ड पार्षद गुड्डू कुमार भगत ने इसके नए भवन निर्माण का संकल्प लिया। अब जनसहयोग के माध्यम से इस कार्य की शुरुआत कर उन्होंने मंदिर को नया स्वरूप देने की पहल की है।

निर्माण से पहले मांगी गई मां ग्राम रक्षा काली की अनुमति।

मंदिर भवन निर्माण की शुरुआत से पहले पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार मां ग्राम रक्षा काली से अनुमति मांगी गई। इसके बाद पंडित जी ने विधिवत पूजा-अर्चना और भूमि पूजन कराया। वार्ड पार्षद गुड्डू कुमार भगत ने मंदिर भवन निर्माण के शुभारंभ की पहल की। इस अवसर पर मौजूद लोगों ने मंदिर के नए भवन निर्माण को मोहल्ले की आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया।

हर साल मई में जुटते हैं बड़ी संख्या में श्रद्धालु।

ग्राम रक्षा काली मंदिर में प्रत्येक वर्ष मई महीने के अंतिम मंगलवार को विधि-विधान से मां काली की पूजा की जाती है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और अपनी मनोकामनाओं के अनुसार पूजा-अर्चना करते हैं। परंपरा के तहत पाठा बलि भी दी जाती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हरिजन टोला का एक परिवार पीढ़ियों से मां की पूजा की जिम्मेदारी निभाता आ रहा है। वर्तमान में पिंटू तुरी इस परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं।

नए मंदिर भवन को लेकर मोहल्ले में खुशी।

मंदिर निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस प्राचीन धार्मिक स्थल को नया स्वरूप मिलेगा। नया भवन तैयार होने से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा और पुरानी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। मोहल्लेवासियों में उम्मीद है कि अगले वर्ष मई में होने वाली वार्षिक पूजा नए भवन में संपन्न हो सकेगी। भूमि पूजन के अवसर पर नगर उपाध्यक्ष राणा ओझा, वार्ड संख्या आठ के पार्षद अनिकेत गोस्वामी, रियाज अंसारी, बिमल चंद्र राउत, समीर, सुमित तुरी, राजा तुरी, एशली कोड़ा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

IMG 20261009 WA0005

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!