उपायुक्त मनीष कुमार ने आज नव नियुक्त एवं पदस्थापित उप समाहर्ताओं का हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर उपायुक्त व अपर समाहर्ता एवं विशेष कार्य पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा उन्हें डायरी एवं कलम प्रदान कर उनके उज्ज्वल प्रशासनिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु आए 9 उप समाहर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशिक्षण प्रशासनिक सेवा की नींव को मजबूत करने का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने, कार्यों को गंभीरता एवं समर्पण के साथ सीखने तथा जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के कार्यों की समझ विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में वे कुशलतापूर्वक दायित्वों का निर्वहन कर सकें। साथ ही, उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को टीम भावना के साथ कार्य करने एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तत्पर रहने की सलाह दी।







