पाकुड़। नगर के शिव शीतला मंदिर परिसर में शुक्रवार को ‘हारे का सहारा मंडली’ के तत्वावधान में त्रिवार्षिक श्री श्याम उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि 8 बजे अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया गया, जिसके बाद पूरा वातावरण भक्ति रस में डूब गया। उत्सव के दौरान बाबा श्याम का आकर्षक एवं अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भजन संध्या में आमंत्रित कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। “मेरा गाड़ी, मेरा बंगला, सब कुछ है तेरा” जैसे लोकप्रिय भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया, जिस पर लोग देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम के दौरान “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे आयोजन को भक्तिमय बना दिया। उत्सव को सफल बनाने में ‘हारे का सहारा मंडली’ के सदस्यों एवं स्थानीय भक्तों की सराहनीय भूमिका रही। आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।





