यूनाइटेड क्रिश्चियन फोरम, पाकुड़ के तत्वावधान में गुड फ्राइडे और ईस्टर पर्व के अवसर पर “ख्रीस्ट राजा शांति शोभा यात्रा” का भव्य और शांतिपूर्ण आयोजन किया गया। शोभा यात्रा धनुष पूजा मेथोडिस्ट चर्च से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई जिदातो मिशन मैदान में सम्पन्न हुई। शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, पादरीगण और चर्च के विभिन्न संगठनों के सदस्य शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने प्रार्थना, मसीही गीत-संगीत और बाइबिल वचनों के माध्यम से शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। समापन स्थल पर आयोजित सभा में समाज में एकता और सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और आपसी प्रेम व सद्भाव को मजबूत करते हैं। आयोजन की सफलता पर यूनाइटेड क्रिश्चियन फोरम ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष फादर कॉर्नेलियस हेम्ब्रम, उपाध्यक्ष सिस्टर अमृता एवं रेव. कोनो किस्कू, सचिव रेव. स्टीफन सोरेन, कोषाध्यक्ष रेव. ई. चित्रकार तथा युवा समाजसेवी रोहित हेम्ब्रम सहित अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।







