पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के पांच बीएलओ को बुधवार को समाहरणालय में सम्मानित किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी को प्रशस्ति-पत्र देकर उनके कार्य की सराहना की।
सम्मानित बीएलओ ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण और डिजिटाइजेशन निर्धारित समय सीमा से पहले ही शत-प्रतिशत पूरा कर लिया था। सम्मान पाने वालों में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 350 की जासमिनारा बीबी और बूथ संख्या 388 की नीलिमा सरकार, लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 83 की कल्पना कुमारी तथा महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 92 की शालू बेगम और बूथ संख्या 65 की रुमी मंडल शामिल हैं।
उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन कार्य में समयबद्धता, जिम्मेदारी और समर्पण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि बीएलओ की भूमिका मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में महत्वपूर्ण है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने से अन्य बीएलओ भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, महेशपुर आरओ सह भूमि सुधार उप समाहर्ता अमित कुमार, एईआरओ सह पाकुड़ अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया सहित निर्वाचन शाखा के कर्मी मौजूद थे।








