मेदिनीनगर (पलामू): शहर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित राजा साहेब के ऑफिस के पास देर रात एक बड़ी आपराधिक घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। मिली जानकारी के अनुसार, तीन अज्ञात अपराधियों ने ऑफिस की छत के रास्ते अंदर घुसकर एक युवक को गोली मार दी।
मृतक की पहचान गुडू खलीफा उर्फ मो. समीर खलीफा, निवासी कुंड मोहल्ला के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान अपराधियों ने 3 से 4 राउंड फायरिंग की, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम उठे।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के साथ-साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।










