अक्षय कुमार
रामगढ़। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 09 अगस्त 2026 को टाउन हॉल, रामगढ़ में जिला स्तरीय आदिवासी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त, रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने कार्यक्रम की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय आदिवासी महोत्सव जिले की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, कला एवं विरासत को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में कार्यक्रम का आयोजन गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से किया जाए। उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, विद्युत एवं पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन, अतिथियों के स्वागत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने को कहा। बैठक के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक लोकनृत्य एवं संगीत, आदिवासी संस्कृति एवं हस्तशिल्प के प्रदर्शन सहित कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने एवं कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, संवर्धन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार करना है, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित हो सके। बैठक में उप विकास आयुक्त, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यक्रम आयोजन से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





