पाकुड़। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के तहत ‘उत्कृष्ट ग्राम सभा’ के चयन को लेकर राज्य स्तरीय टीम ने शहरग्राम पंचायत का दौरा किया। यहां पंचायत सचिवालय में आयोजित डेमो ग्राम सभा में विकास, पारदर्शिता और जनभागीदारी की साफ तस्वीर देखने को मिली। डेमो ग्राम सभा के जरिए दिखाया गया कि गांव में योजनाएं कैसे चुनी जाती हैं, बजट कैसे तय होता है और सामाजिक अंकेक्षण कैसे किया जाता है। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही स्पष्ट नजर आई। ग्राम सभा की सबसे खास बात रही महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी। महिला समूहों ने अपनी भूमिका रखी, युवाओं ने सुझाव दिए और बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान का भी लाइव प्रदर्शन किया गया। राज्य स्तरीय टीम ने व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे सहभागी और पारदर्शी शासन का बेहतर मॉडल बताया। टीम ने कहा कि इस तरह की ग्राम सभाएं न सिर्फ विकास को गति देती हैं, बल्कि लोगों का भरोसा भी मजबूत करती हैं।








