Search

April 8, 2026 2:08 am

शराब बिक्री से 44.25 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व, लक्ष्य से थोड़ा पीछे पर पिछले साल से बेहतर प्रदर्शन।

उत्पाद विभाग की बड़ी उपलब्धि, 44.25 करोड़ की कमाई, 97.36% लक्ष्य हासिल, बढ़ा राजस्व

पाकुड़ जिले के उत्पाद विभाग को वित्तीय वर्ष 2025-26 में शराब बिक्री से रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ है। विभाग को 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक कुल 44 करोड़ 25 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह राशि निर्धारित लक्ष्य 45 करोड़ 45 लाख रुपये के मुकाबले 97.36 प्रतिशत है, जो लक्ष्य से थोड़ा कम जरूर है, लेकिन पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। पिछले वित्तीय वर्ष में विभाग का लक्ष्य 28 करोड़ 21 लाख रुपये था, जिसके मुकाबले 29 करोड़ 50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। उस समय विभाग ने 104.55 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया था। इसके मुकाबले इस वर्ष कुल राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उत्पाद अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि लक्ष्य से थोड़ा पीछे रहने के बावजूद इस वर्ष की कुल वसूली को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि पिछले वर्ष की तुलना में राजस्व में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि अगस्त 2025 तक शराब दुकानों का संचालन सरकारी नियंत्रण में रहने के बावजूद बेहतर राजस्व प्राप्त हुआ है। राजस्व में थोड़ी कमी का एक कारण यह भी माना जा रहा है कि पाकुड़ जिले के कई प्रखंड पश्चिम बंगाल सीमा से सटे हुए हैं, जहां शराब की कीमत झारखंड की तुलना में कम है। इस वजह से सीमावर्ती क्षेत्रों में बिक्री पर असर पड़ा, जिसका प्रभाव राजस्व संग्रह पर भी देखने को मिला। फिर भी विभाग का मानना है कि मौजूदा आंकड़े पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन को दर्शाते हैं और इसे एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!