Search

April 10, 2026 8:17 pm

पाकुड़ के तीन होनहारों ने SSC CGL में लहराया परचम, कठिन हालात में रची सफलता की मिसाल।

राजकुमार भगत

पाकुड़। संसाधनों की कमी और सीमित सुविधाओं के बावजूद अगर हौसले बुलंद हों तो सफलता दूर नहीं रहती—इसे पाकुड़ जिले के तीन होनहार युवाओं ने साबित कर दिखाया है। अमड़ापाड़ा और पाकुड़िया जैसे दूरस्थ इलाकों से निकलकर इन प्रतिभाओं ने SSC CGL 2025 में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन कर दिया है।
अमड़ापाड़ा बाजार की रहने वाली साक्षी कुमारी ने परीक्षा में 947वीं रैंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। उनका चयन इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट पद पर हुआ है। साक्षी, विजय कुमार भगत और ब्यूटी देवी की पुत्री हैं। बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रहीं साक्षी ने ज्ञान भारती स्कूल, अमड़ापाड़ा से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और फिर पटना से स्नातक किया। नौकरी मिलने के बाद भी उन्होंने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और निरंतर मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
वहीं, पाकुड़िया निवासी त्रिदीप कुमार साहा की पुत्री राखी साहू ने भी SSC CGL 2025 में सफलता हासिल करते हुए एक्साइज इंस्पेक्टर पद पर चयन पाया है। इसी क्रम में मटियाल घाटी, पाकुड़िया निवासी जयचंद जायसवाल और मीरा देवी के पुत्र नयन कुमार जायसवाल ने भी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर एक्साइज इंस्पेक्टर पद प्राप्त किया है। वर्तमान में मोगलाबांध में रह रहे नयन की प्रारंभिक शिक्षा पाकुड़िया में ही हुई, इसके बाद उन्होंने बाहर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और सफलता हासिल की।
तीनों सफल अभ्यर्थियों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उनकी सफलता से पूरे जिले में गर्व और खुशी का माहौल है, वहीं युवाओं के लिए यह एक बड़ी प्रेरणा बनकर उभरी है।

img 20260410 wa00148140641600488906961
img 20260410 wa00128940343170969962186
img 20260410 wa00133915166215759274062

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!