Search

April 12, 2026 2:50 am

हृदयाघात से पत्थर व्यवसायी अजय मखीजा का निधन, शहर में शोक की लहर।

शुक्रवार को शहर के जाने-माने पत्थर व्यवसायी और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी अजय मखीजा का अचानक हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे अपने हंसमुख स्वभाव, सादगीपूर्ण जीवनशैली और सभी से आत्मीय संबंध रखने के लिए जाने जाते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर भोजन करने के बाद उन्होंने कोल्ड ड्रिंक पी थी, जिसके बाद उन्हें गैस की समस्या हुई। हालत बिगड़ने पर शाम तक उन्हें हृदयाघात आ गया और उनकी मृत्यु हो गई। यह घटना लोगों के लिए बेहद चौंकाने वाली रही, क्योंकि अजय मखीजा सादा जीवन जीने वाले व्यक्ति थे और नशे से दूर रहते थे। बताया जाता है कि वे हमेशा घर का बना खाना ही पसंद करते थे और बाजार के खान-पान से भी परहेज करते थे। उनके करीबी लोगों के अनुसार, उनका स्वभाव इतना मिलनसार था कि वे हर किसी के दिल में खास जगह रखते थे। कुछ वर्ष पहले उनकी पत्नी का भी आकस्मिक निधन हो गया था, जिसके बाद वे मानसिक रूप से काफी आहत रहे। इसके बावजूद उन्होंने अपने बेटे और बेटी की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाया और परिवार को संभाला। शनिवार को परिजनों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पंजाबी और सिंधी समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। सभी ने एक स्वर में कहा कि अजय मखीजा जैसे सच्चे और दिलदार इंसान का मिलना मुश्किल है। उनके निधन से समाज ने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया, जो हर दिल अजीज और यारों के यार के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!