पाकुड़/राज्य में लगातार परीक्षा प्रश्न पत्र लीक की घटनाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर रविवार संध्या भारतीय जनता पार्टी, जिला पाकुड़ की ओर से बिरसा चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बार-बार प्रश्न पत्र लीक होने से छात्रों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है, जबकि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर ठोस कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और सरकार अन्य कार्यों में व्यस्त नजर आ रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाल ही में हुई उत्पाद सिपाही भर्ती दौड़ के दौरान युवाओं की मौत पर भी गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की, साथ ही मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की भी मांग की। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, अनुग्रहित प्रसाद साह, निवर्तमान जिला अध्यक्ष अमृत पांडे, पूर्व नगर अध्यक्ष पंकज साह, मनीष पांडेय, दुलाल सिंह, महिला मोर्चा की प्राची चौधरी, निधि गुप्ता, मधु देवी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।





