अमड़ापाड़ा: लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमलाल मुर्मू ने एक बार फिर विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए रविवार को अमड़ापाड़ा प्रखंड में बाँसलोई नदी पर बनने वाले हाई-लेवल ब्रिज का शिलान्यास किया। 8.33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है। कार्यक्रम की शुरुआत जानकी चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे बने सीढ़ी घाट के उद्घाटन से हुई। विधायक ने विधिवत नारियल फोड़कर और फीता काटकर घाट का लोकार्पण किया। अपने संबोधन में विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि यह पुल क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुल बनने से ग्रामीण इलाकों के बीच संपर्क मजबूत होगा और लोगों को जाम जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। साथ ही व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी। उन्होंने राज्य सरकार की सराहना करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। शिलान्यास से पहले विधायक ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों से चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अमड़ापाड़ा पहुंचने पर फतेहपुर मोड़ पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने विधायक का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







