महेशपुर (पाकुड़)। प्रखंड के शहरग्राम गांव में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन को लेकर सोमवार को भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान आसपास के गांवों से आई 501 कुंवारी कन्याओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच निकली यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर पूरे गांव का भ्रमण किया। “जय श्री कृष्ण” और “राधे-राधे” के नारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। हटियापाड़ा स्थित तालाब से पवित्र जल लाकर कथा स्थल पर विधि-विधान से कलश स्थापना की गई। आयोजन समिति के अनुसार, श्रीमद् भागवत कथा 12 अप्रैल से 18 अप्रैल तक दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित होगी। कथा वाचन पूज्य देवी मीनू लाडली जी के श्रीमुख से किया जाएगा, जिन्हें सुनने के लिए क्षेत्र सहित दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कथा के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, प्रवचन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना रहेगा। ग्रामीणों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। लोगों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था के साथ-साथ भाईचारा और सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।।इस आयोजन को सफल बनाने में मिठुन साहा, निशन साहा, म्हेस्वर साहा, नंदू भगत समेत कई ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही।





