Search

September 27, 2026 1:05 pm

सदर अस्पताल बना बाइक चोरों का अड्डा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

पाकुड़: सोनाजोरी स्थित सदर अस्पताल परिसर इन दिनों बाइक चोरों के निशाने पर है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने अस्पताल कर्मियों और मरीजों के परिजनों में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। मार्च से अब तक तीन बाइक चोरी हो चुकी हैं, जबकि सोमवार को एक और मरीज के परिजन की बाइक पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। रविवार शाम अस्पताल में कार्यरत जनरेटर ऑपरेटर सामू मुर्मू की बाइक (जेएच 04 एम 3752) चोरी हो गई। सामू मुर्मू पिछले 12 वर्षों से अस्पताल में कार्यरत हैं। इससे पहले 15 मार्च को ओटी असिस्टेंट नईमुद्दीन शेख की बाइक भी परिसर से चोरी हो चुकी है। मामले की शिकायत नगर थाना में दर्ज कराई गई थी, लेकिन एक महीने बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद चोर बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल कर्मियों का कहना है कि एक के बाद एक हो रही बाइक चोरी की घटनाएं प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती हैं। पीड़ितों ने प्रशासन से जल्द बाइक बरामद करने और अस्पताल परिसर में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!