Search

April 15, 2026 5:30 pm

बुजुर्ग महिला की गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश।

पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार (13 अप्रैल 2026) की शाम दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपति को निशाना बनाते हुए महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, बैंक कॉलोनी निवासी 77 वर्षीय सुरेश कुमार बहलानी अपनी पत्नी अंजू देवी बहलानी (72 वर्ष) के साथ स्कूटी से सिंधी पाड़ा स्थित पंचायत भवन पहुंचे थे। शाम करीब 4:30 बजे जैसे ही वे वहां पहुंचे, पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक झपट्टा मारकर अंजू देवी के गले से करीब ढाई तोले की सोने की चेन छीन ली और तेज रफ्तार से भाग निकले। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित दंपति कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी फरार हो चुके थे। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। सुरेश कुमार बहलानी ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और छीनी गई चेन बरामद की जाए।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!