पाकुड़: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती मंगलवार को पूरे जिले में पूरे उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक संदेशों के साथ मनाई गई। शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालयों, गांवों, स्कूलों और सरकारी परिसरों तक कार्यक्रमों की धूम रही। जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर चौक पर सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों को याद किया। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। महेशपुर प्रखंड के अंबेडकर चौक और रोलग्राम चौक पर बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, सीओ संजय सिन्हा समेत अन्य अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर बाबा साहेब के योगदान को याद किया। सभी ने सामाजिक न्याय और समानता के उनके सिद्धांतों को जीवन में उतारने की बात कही। जिला कांग्रेस कमिटी ने भी जयंती को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया। पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को नमन किया।
हिरणपुर में पुराने प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में माल्यार्पण के साथ केक काटकर जयंती मनाई गई। वहीं अमड़ापाड़ा में अंबेडकर क्लब के तत्वावधान में क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण कर सेवा का संदेश दिया गया। लिट्टीपाड़ा में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया और छात्राओं ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर प्रेरणादायक प्रस्तुति दी। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रतीक है।
पाकुड़िया सहित अन्य क्षेत्रों में भी सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और विद्यालय परिवारों द्वारा दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन आज भी समाज को दिशा देने वाला है। जिले भर में आयोजित कार्यक्रमों का संदेश स्पष्ट रहा—शिक्षा, समानता और संविधान के मार्ग पर चलकर ही मजबूत और समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।












