Search

April 16, 2026 1:42 am

सिदो–कान्हु चौक से प्रखंड कार्यालय तक गूंजा 22 सूत्री मांगों का मुद्दा, धरने में तब्दील हुआ प्रदर्शन।

पाकुड़िया। स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर बुधवार को झारखंड जनाधिकार संघर्ष मोर्चा की ओर से 22 सूत्री मांगों को लेकर जोरदार रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार मरांडी सहित मोर्चा के केंद्रीय एवं जिला पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत सिदो–कान्हु चौक पर भगवान सिदो–कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद रैली प्रखंड कार्यालय, पाकुड़िया तक पहुंची, जहां यह धरना में तब्दील हो गई। प्रचंड गर्मी के बावजूद सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता शामिल रहे।
धरना के उपरांत शिष्टमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम एक 22 सूत्री मांग पत्र बीडीओ सोमनाथ बनर्जी को सौंपा। मांग पत्र में संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा, महंगाई पर रोक, बेरोजगारी दूर करने के लिए रोजगार सृजन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की प्रमुख मांगें शामिल थीं। इसके अलावा सिंचाई, पेयजल, सड़क, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, अफसरशाही पर नियंत्रण, स्थानीय नियोजन नीति लागू करने, एसपीटी एवं सीएनटी एक्ट में किसी भी प्रकार के संशोधन पर रोक लगाने, वन–भूमि व जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। मांग पत्र में खनिज संपदा की सुरक्षा, मजदूरों के पलायन पर रोक, महिलाओं के शोषण पर अंकुश, और पेशा कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने की भी मांग की गई है। कार्यक्रम में संजय कुमार मरांडी, सत्य शिक्षानंद मुर्मू, राम सेन, जुवाना हेंब्रम सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!