Search

April 17, 2026 1:29 am

क्षेत्र भ्रमण में सक्रिय दिखे विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित पहल।

पाकुड़िया (पाकुड़) : महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक स्टीफन मरांडी ने गुरुवार को प्रखंड के बन्नोग्राम, सोल्ला, रामघाटी, चौकीसाल समेत कई गांवों का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान की दिशा में पहल करते नजर आए। क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। इस पर विधायक मरांडी ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया। ग्रामीणों ने भी विधायक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जो काम वर्षों से लंबित थे, उन्हें वर्तमान कार्यकाल में पूरा कराया गया है। लोगों ने विधायक के प्रयासों पर संतोष जताते हुए गर्व व्यक्त किया। इस मौके पर विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि जनता के सहयोग से ही वे इस पद तक पहुंचे हैं और क्षेत्र की सेवा करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर हर जरूरतमंद तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी पहली प्राथमिकता है, ताकि क्षेत्र के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान पूर्व उप प्रमुख अजीत मंडल, बिश्वजीत दास, मुसारफ हुसैन, अख्तर आलम, बिनोद भगत, सूरज रविदास, प्रशंजित दास, छोटू रविदास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!