Search

April 20, 2026 1:13 am

बीस साल बाद पाकुड़ को फिर मिली महिला डीसी, मेघा भारद्वाज ने संभाली कमान।

अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा लाभ: डीसी

सतनाम सिंह

पाकुड़ जिले को नई प्रशासनिक कमान मिल गई है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 2016 बैच की अधिकारी मेघा भारद्वाज ने पाकुड़ के 33वें डीसी के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। समाहरणालय परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में जिले के वरीय पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।पदभार संभालते ही नई उपायुक्त ने सक्रियता दिखाते हुए सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले की वर्तमान स्थिति, चल रही विकास योजनाओं और प्रशासनिक चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे।पत्रकारों से बातचीत में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचे।”नई डीसी ने साफ संदेश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने योजनाओं की नियमित समीक्षा, जवाबदेही तय करने और योग्य लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर जोड़ने पर विशेष जोर दिया।पाकुड़ जिले के प्रशासनिक इतिहास में यह दूसरा मौका है जब किसी महिला अधिकारी ने उपायुक्त का पद संभाला है। इससे पहले वर्ष 2006 में पूजा सिंघल ने महिला डीसी के रूप में जिले की जिम्मेदारी निभाई थी। करीब दो दशक बाद फिर एक महिला अधिकारी के हाथों में जिले की कमान आई है, जिससे लोगों में नई उम्मीद जगी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!