Search

April 22, 2026 12:53 am

अवैध कारोबार पर लगाम की मांग, संगठन ने एसपी को सौंपा ज्ञापन।

ओवरलोडिंग, नशा, लॉटरी और गौ तस्करी समेत कई मुद्दों पर कार्रवाई की अपील

पाकुड़ : जिले में बढ़ते अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय संगठन रामभक्त सेवा दल के प्रतिनिधिमंडल ने नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। संगठन के सदस्यों ने बताया कि जिले में ओवरलोडिंग, प्रतिबंधित लॉटरी, नशा कारोबार, अवैध बालू ढुलाई और गौ तस्करी जैसी गतिविधियां खुलेआम संचालित हो रही हैं। इससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से सड़क व्यवस्था पर ध्यान दिलाते हुए नो-एंट्री व्यवस्था को एक घंटे के अंतराल पर वन-वे करने, मुख्य सड़कों के किनारे अवैध दुकानों और अवैध पार्किंग हटाने की मांग की, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों—शिमलांग, लिट्टीपाड़ा, हिरणपुर, महेशपुर, पाकुड़िया सहित नगर और मुफ्फसिल थाना क्षेत्रों में रात के समय अवैध लकड़ी और गौ तस्करी की घटनाएं अधिक होती हैं। संगठन का आरोप है कि इन अवैध कार्यों के पीछे संगठित गिरोह सक्रिय हैं, और इनके खिलाफ आवाज उठाने पर लोगों को धमकियों और झूठे मुकदमों का सामना करना पड़ता है। इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिंह, जिला अध्यक्ष सनातनी रतन भगत, जिला महामंत्री दुलाल सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। संगठन ने पुलिस अधीक्षक से इन मुद्दों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!