वोटर सूची की सुरक्षा और वंचितों की सही गणना पर फोकस, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का निर्देश
पाकुड़। मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी जनगणना व विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झामुमो जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को रविंद्र भवन में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी और लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में तय किया गया कि पार्टी ढांचे को बूथ, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर तक और सशक्त बनाया जाएगा, ताकि हर स्तर पर प्रभावी राजनीतिक उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में संगठन की जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने BLA-2 और बूथ समितियों को सक्रिय और मजबूत बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि SIR के दौरान मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। हेमलाल मुर्मू ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने जनगणना को सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा अहम मुद्दा बताते हुए कहा कि आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित समाज की सही गणना जरूरी है, ताकि उनके अधिकार सुरक्षित रह सकें।
बैठक में SIR को लेकर भी गहन चर्चा हुई। झामुमो नेताओं ने आशंका जताई कि इस प्रक्रिया का दुरुपयोग कर कुछ राजनीतिक दल लाभ लेने की कोशिश कर सकते हैं। पार्टी ने संकल्प लिया कि किसी भी हाल में लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने सभी प्रखंड इकाइयों को जल्द बैठक कर बूथ समितियों का गठन और BLA-2 की नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की निगरानी के लिए कार्यकर्ता सतर्क रहें और जरूरतमंद लोगों को हर स्तर पर सहयोग करें। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रखंड स्तर पर विशेष अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे मतदाता सूची, जनगणना और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर आम लोगों को जागरूक कर सकें। इस मौके पर जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।








