राहुल दास
हिरणपुर (पाकुड़) राज्य सरकार के निर्देश पर चल रहे स्कूल चलें हम अभियान–2026 (Back to School Campaign) के तहत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, डांगापाड़ा में नामांकन बढ़ाने को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित है, जिसका उद्देश्य सत्र 2026–27 में कक्षा 1 से 9 तक अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत “बच्चों के संग अभिभावक के द्वार” थीम पर विद्यालय परिवार ने डांगापाड़ा पंचायत के विभिन्न टोला-मोहल्लों में घर-घर संपर्क किया और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने नारे, पोस्टर और साउंड सिस्टम के साथ रैली निकालकर पूरे क्षेत्र में शिक्षा का संदेश फैलाया।
रैली में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। इसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप टुडू, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ट्विंकल चौधरी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुधा कुमारी, मुखिया बाले हेंब्रम, मुखिया प्रतिनिधि पास्टर सोरेन, पंचायत सचिव किशोर कुमार मांझी सहित कई अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। जिला से पिरामल फाउंडेशन की प्रतिनिधि मीना कुमारी, आभा संस्था की मनिदीपा साहा, बीआरपी संजय जायसवाल, बीआरसी हिरणपुर के प्रेम सागर कुशवाहा, सीआरपी कुमुद कुमार साहा, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं भी अभियान में मौजूद रहे।
इस दौरान “हर बच्चा स्कूल जाए” और “शिक्षा ही भविष्य का आधार” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराने का आश्वासन दिया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक आनंद कुमार भगत ने कहा कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।








