तेज रफ्तार व्यवस्था के लिए सख्त निर्देश, अग्रिम उठाव और डोर स्टेप डिलिवरी को लेकर प्रशासन अलर्ट
पाकुड़। जिले में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आपूर्ति विभाग की समीक्षात्मक बैठक जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुमार अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक, उठाव प्रभारी, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं परिवहन-सह-हथालन अभिकर्ता शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत में अप्रैल 2026 में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी गई। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने इस उपलब्धि को टीमवर्क, सतत निगरानी और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य का परिणाम बताया।
उन्होंने निर्देश दिया कि मई और जून माह के खाद्यान्न का अग्रिम उठाव सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत डोर स्टेप डिलिवरी के माध्यम से समय पर वितरण कराया जाए। परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देते हुए आवश्यकतानुसार वाहनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया, ताकि उठाव और वितरण में कोई बाधा न आए। बैठक में नमक, चना दाल, धोती-साड़ी सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों का भी समय पर वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि योजनाओं की सफलता के लिए नियमित अनुश्रवण और सतत निगरानी बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभुकों तक हर हाल में योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।





