Search

May 10, 2026 9:36 pm

अवैध बालू डंपिंग से सड़कें जर्जर, भारी ट्रकों के आवाजाही से ग्रामीण त्रस्त, ग्रामीणों ने एसपी से लगाई गुहार।

पाकुड़: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरिगंज गाँव में अवैध बालू कारोबार के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। गाँव की सड़कों की हालत जर्जर हो चुकी है, जबकि लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से लोगों में हादसे का डर बना हुआ है। आक्रोशित ग्रामीणों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 8–9 महीनों से गाँव के ही नाजेद शेख उर्फ कुरू शेख और रतन मंडल द्वारा अवैध रूप से बालू का भंडारण और बिक्री की जा रही है। बताया गया कि 14 और 16 चक्का वाले ओवरलोड ट्रकों से बालू लाकर फुटानी मोड़ के पास डंप किया जाता है। भारी वाहनों के लगातार परिचालन से गाँव की सड़कें टूटकर पूरी तरह खराब हो गई हैं। धूल और गड्ढों के कारण राहगीरों और बच्चों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यही स्थिति रही, तो जल्द ही सड़कें पूरी तरह उपयोग के लायक नहीं बचेंगी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस मामले की शिकायत पहले भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे अवैध कारोबार में जुड़े लोगों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
एक स्थानीय निवासी ने कहा, हमारे पास इस अवैध डंपिंग के वीडियो सबूत भी हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होना चिंता की बात है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। आवेदन पर दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं, जो इस बात का संकेत है कि पूरा गाँव इस समस्या से प्रभावित है। ग्रामीणों ने एसपी से मांग की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध डंपिंग पर रोक लगाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गाँव की सड़कों को और नुकसान से बचाया जा सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!