अब्दुल अंसारी
महेशपुर: प्रखंड के बड़कियारी पंचायत में मुखिया जागेश्वर हेम्ब्रम की पहल पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नेपाल के विराटनगर से आए चिकित्सकों ने लोगों की आंख, कान और गला से संबंधित बीमारियों की जांच कर आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं उपचार किया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी आंखों समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कराई। इस दौरान उप प्रमुख नसीमा खातून ने ग्रामीणों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में गरीब परिवार रहते हैं, जिनके लिए इलाज के लिए नेपाल के विराटनगर तक जाना आसान नहीं है। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों का पंचायत में आकर नि:शुल्क इलाज करना ग्रामीणों के लिए बड़ी सुविधा है।
मुखिया जागेश्वर हेम्ब्रम ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के जनहितकारी कार्यों को जारी रखा जाएगा, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें। मौके पर रूहुल अमीन उर्फ कलाम दा, मुखिया जागेश्वर हेम्ब्रम, वार्ड सदस्य साजाहां शेख, जियाउल रहमान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।







