अमड़ापाड़ा/पाकुड़, अमड़ापाड़ा–दुमका मुख्य सड़क पर मंगलवार को पहाड़पुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, डूमरचीर की शिक्षिका पम्मी कुमारी गुप्ता (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं। सिर में गहरी चोट लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण वे बेहोश हो गईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉ. शिवम कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें फूलो झानो मेडिकल कॉलेज, दुमका रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार दुमका में हालत में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें बाहर रेफर कर दिया गया है।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, पम्मी कुमारी गुप्ता दुमका के शिवपहाड़ की निवासी हैं और वर्तमान में अमड़ापाड़ा डाकबंगला के पास किराये के मकान में रहकर विद्यालय में पढ़ाती हैं। मंगलवार को स्कूल से लौटते समय वे एक परिचित की मोटरसाइकिल पर सवार थीं। इसी दौरान पहाड़पुर के पास पीछे से आ रहे एक स्कूटी सवार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद स्कूटी चालक मौके से फरार हो गया।
प्रशासन ने ली जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता, एएसआई सालवाहन भगत और विद्यालय की वार्डन शर्मिष्ठा गुप्ता सीएचसी पहुंचे और घायल शिक्षिका का हालचाल लिया। पुलिस फरार स्कूटी चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।






