पाकुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 पर शुक्रवार को पाकुड़ में तीन दिवसीय खेल आयोजन का उत्साह के साथ आगाज हुआ। “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” की थीम और “एक घंटा खेल के मैदान में” अभियान के तहत खिलाड़ियों और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां शुरू की गईं।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन और जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने मेजर ध्यानचंद के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का अनुशासन, समर्पण और खेल के प्रति जुनून आज भी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान “खेल प्रबंधन” विषय पर संगोष्ठी हुई। डॉ. प्रो. वैदेश चंद्र लाल दास ने खिलाड़ियों को खेल के दौरान आने वाली चुनौतियों, उनके समाधान और बेहतर प्रबंधन के बारे में जानकारी दी।
जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल महान खिलाड़ियों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि खेल को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने युवाओं से रोजाना खेल मैदान में समय देने और फिटनेस पर ध्यान देने की अपील की। तीन दिवसीय आयोजन में खेल प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए जिले के अधिक से अधिक युवाओं को खेल से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में डे बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु खिलाड़ी, प्रशिक्षक, विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। मंच संचालन प्रशिक्षक प्रमोद नांगलिया ने किया।








