सीएम उत्कृष्ट विद्यालय में पीटीएम: 207 अभिभावक पहुंचे, 10वीं-12वीं में कम उपस्थिति पर CBSE LOC में नाम नहीं।
राजकुमार भगत
पाकुड़। जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय राज+2, पाकुड़ में बुधवार को द्वितीय त्रैमासिक अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) हुई। बैठक में विद्यार्थियों की पढ़ाई, उपस्थिति और अनुशासन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। प्रभारी प्रधानाचार्य राजू नंदन साहा की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कुल 207 अभिभावकों ने हिस्सा लिया। इनमें 115 पुरुष और 92 महिला अभिभावक थीं।
75% उपस्थिति जरूरी, नहीं तो एसए-1 नहीं
विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। इससे कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को आगामी एसए-1 परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। वहीं कक्षा 10वीं और 12वीं में कम उपस्थिति रहने पर विद्यार्थियों का नाम CBSE की LOC में शामिल नहीं करने की जानकारी दी गई।
मोबाइल मिला तो अभिभावक को बुलाकर मिलेगा वापस
विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के मोबाइल फोन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। मोबाइल के साथ पकड़े जाने पर उसे जब्त किया जाएगा और अभिभावक की उपस्थिति में ही वापस किया जाएगा। विद्यार्थियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में स्कूल आने और अभिभावकों को नियमित रूप से कॉपियां जांचने तथा गृहकार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी भी दी गई।
पढ़ाई के साथ नशामुक्त परिसर पर जोर
बैठक में आगामी एसए-1 और आरएआईएल परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी चर्चा हुई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, कमजोरियों और सुधार के उपायों पर अभिभावकों से व्यक्तिगत संवाद किया। विद्यालय परिसर के 100 मीटर के दायरे को नशामुक्त रखने तथा मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने का संकल्प भी लिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावक दोनों की सक्रिय भूमिका जरूरी है। प्रभारी प्रधानाचार्य ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और अनुशासन व्यवस्था की जानकारी देते हुए अभिभावकों से सहयोग की अपील की। राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।





