Search

May 13, 2026 9:00 pm

छात्रवृत्ति और क्लस्टर सिस्टम के विरोध में एबीवीपी का हल्ला बोल, उपायुक्त, कल्याण पदाधिकारी और प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

कल्याण विभाग में अवैध निकासी जिले पर कलंक, 24 घंटे में छात्रवृत्ति का समाधान न होने पर होगा आंदोलन, बमभोला उपाध्याय।

पाकुड़: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), पाकुड़ इकाई द्वारा आज विद्यार्थियों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी और के.के.एम. कॉलेज के प्राचार्य को मांग पत्र सौंपकर B.Ed. सत्र 2024-25 एवं 2025-26 की लंबित छात्रवृत्ति का अविलंब भुगतान करने तथा सरकार द्वारा लागू किए गए अव्यावहारिक ‘क्लस्टर सिस्टम’ को तुरंत समाप्त करने की मांग की। एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि, एक तरफ विद्यार्थी छात्रवृत्ति न मिलने के कारण कर्ज के बोझ तले दबकर मानसिक तनाव झेल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कल्याण विभाग में सरकारी योजनाओं की राशि की अवैध निकासी की जा रही है। यह भ्रष्टाचार जिले के आम जनमानस और छात्र समुदाय के साथ बड़ा विश्वासघात है। कल्याण विभाग का पैसा जरूरतमंद विद्यार्थियों के उत्थान के लिए होता है, लेकिन यह अवैध निकासी पाकुड़ जिले की छवि पर एक कलंक और भद्दे धब्बे के समान है। परिषद इस मामले की उच्च स्तरीय जाँच और दोषियों पर जेल भेजने वाली कार्रवाई की मांग करती है। साथ ही, सरकार का क्लस्टर सिस्टम शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के बजाय छात्रों के लिए मुसीबत बन गया है, जिसका हम पुरजोर विरोध करते हैं। महाविद्यालय प्राचार्य से वार्ता के दौरान परिषद के सदस्यों ने जोर देकर कहा कि के.के.एम. कॉलेज के B.Ed. प्रशिक्षुओं ने अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियों और इंटर्नशिप का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया है, इसके बावजूद उनकी छात्रवृत्ति रोकना अनुचित है। परिषद ने प्राचार्य से अपील की कि वे महाविद्यालय के अभिभावक के रूप में जिला प्रशासन से वार्ता कर इस गतिरोध को समाप्त करवाएं।जिला जनजाति प्रमुख चंदन पहाड़िया ने आगामी रणनीति साझा करते हुए कहा, प्रशासन विद्यार्थियों के धैर्य की परीक्षा न ले। हमने कई बार आवेदन दिए लेकिन हर बार केवल कोरा आश्वासन ही मिला है। एबीवीपी प्रशासन को स्पष्ट रूप से 24 घंटे का अल्टीमेटम देती है। यदि कल तक छात्रवृत्ति जारी करने और क्लस्टर सिस्टम पर कोई ठोस सकारात्मक समाधान नहीं निकला, तो परिषद कल 14 मई को उग्र आंदोलन, पैदल मार्च और पुतला दहन करने के लिए बाध्य होगी। छात्र हितों की रक्षा के लिए हम किसी भी स्तर तक संघर्ष करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर बीएड कॉलेज इकाई अध्यक्ष अमित साहा, उपाध्यक्ष अंकित भगत , कॉलेज मंत्री उत्तम दत्ता, राहुल दास, विक्की कुमार, चिरंजीत कुमार, सानिध्य, विवेक सोरेन और भारी संख्या में B.Ed. के प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।

img 20260513 wa00531037018462492901036
img 20260513 wa00556454598849533100430
img 20260513 wa00543401327986727344707

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!