अक्षय कुमार
बेरमो (बोकारो)। शुक्रवार को बेरमो प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में विश्व स्तनपान सप्ताह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बेरमो मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित हुईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और स्तनपान के सही तरीकों के प्रति जागरूकता फैलाना था।

उपस्थित अधिकारियों ने सेविकाओं को फील्ड में जाकर माताओं को निम्नलिखित महत्वपूर्ण जानकारियां देने की अपील की-
1.अमृत है पहला गाढ़ा दूध: जन्म के तुरंत बाद बच्चे को मां का पहला पीला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) जरूर पिलाएं। यह बच्चे का पहला टीका है।
2.6 महीने तक सिर्फ स्तनपान: शिशु को छह महीने की उम्र तक केवल और केवल मां का दूध दें। इस दौरान ऊपर से पानी या शहद भी न दें।
3.
कुपोषण से बचाव: स्तनपान शिशु को डायरिया, निमोनिया और कुपोषण जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखता है।
4.दिमागी विकास: मां का दूध बच्चे के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए सबसे सर्वोत्तम आहार है।

बीडीओ बेरमो ने सभी सेविकाओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में जाकर गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को स्तनपान के सही तरीकों और स्वच्छता के बारे में जागरूक करें, ताकि समाज से कुपोषण को पूरी तरह मिटाया जा सके। उक्त कार्यक्रम में मौके पर कार्यालय की महिला पर्यवेक्षिका मुक्ति कुमारी, कुमारी सुमित्रा, रेखा कुमारी सहित आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रही।





