ललपनिया। बैंक मोड़ स्थित सेंट मैथ्यू स्कूल, ललपनिया में डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती सह शिक्षक दिवस धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के पूर्व प्राचार्य शिव बच्चन पांडे जी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा में बच्चों को शिक्षक दिवस के महत्व को बता कर की गई। मौके पर विद्यालय के शिक्षक जैनुल आबेदीन ने अपने गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के महत्व की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।



तत्पश्चात विद्यालय परिसर मे डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर पुष्प अर्पण कर मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत में मौके पर विद्यालय के पूर्व प्राचार्य शिवबच्चन पांडे ने अपने संबोधन में कहां कि प्रत्येक शिक्षक का कर्तव्य है कि वे अपने विद्यालय को आगे बढ़ाने में अपना विशेष योगदान दे। उन्होंने सभी शिक्षक एवं शिक्षाओं के कार्य को वंदनीय बताया। मौके पर विद्यालय के निदेशक अक्षय कुमार सिंह ने सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को अपने प्रारंभिक दिनों को याद रखने एवं एक शिक्षक के रूप में अवसर प्रदान करने वाले विद्यालय के प्रति ईमानदारी से कार्य करने एवं समर्पित रहने की बात कही। उन्होंने बताया कि शिक्षक की पहचान धन से नहीं उसके द्वारा सच्चे मन एवं लगन के साथ बच्चों को दिए जाने वाले कर्म से होती है। वहीं सीसीए इंचार्ज मीनू देवी ने बच्चों के जीवन में माता-पिता को बच्चों का प्रथम गुरु बताया। मौके पर तनवीर हुसैन ने कहा कि अन्य पेशे में गलती किए जाने पर सीमित नुकसान होता है किंतु एक शिक्षक द्वारा वर्तमान गलती करने पर आगे आने वाली पीढ़ी को नुकसान होता है। अतः एक शिक्षक को अपने काम को धैर्य एवं अच्छे विचार के साथ करना चाहिए। वहीं जैनुल आबेदीन ने पढ़ाई को ही विद्यार्थियों में प्रथम उद्देश्य बनाने की अपील की।





इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक द्वारा सभी शिक्षक/शिक्षिकाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। मंच का संचालन छात्र शिवचंद्र हांसदा द्वारा की गई। विद्यार्थियों द्वारा सीमित समय में आकर्षक कार्यक्रम की तैयारी करने पर विद्यालय के सभी क्षेत्र में बच्चों को धन्यवाद दिया और उनके कार्य की प्रशंसा की।







