पाकुड़ नगर क्षेत्र में टोल टैक्स व्यवस्था को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। आदर्श नगर निवासी टेंपो चालक विकास रविदास ने टोल टैक्स कर्मियों पर मारपीट, जाति सूचक गाली-गलौज और जबरन वाहन छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि वह नियमित रूप से टोल टैक्स का भुगतान करता रहा है और किसी प्रकार का बकाया नहीं था। इसके बावजूद कथित तौर पर टोल संचालन से जुड़े कर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, मारपीट की और उसके पास मौजूद 870 रुपये भी छीन लिए। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर क्षेत्र में टोल टैक्स वसूली के नाम पर मनमानी और दबंगई बढ़ती जा रही है, जिससे आम वाहन चालकों में भय का माहौल बन रहा है। पीड़ित ने इस मामले की लिखित शिकायत पाकुड़ नगर परिषद और स्थानीय थाने में देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासनिक कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।






