Search

May 14, 2026 9:38 pm

एबीवीपी का हल्ला बोल, छात्रवृत्ति रोक और क्लस्टर सिस्टम के खिलाफ सड़कों पर उतरा आक्रोश।

रथ मेला मैदान से बिरसा चौक तक गूंजा विरोध, मुख्यमंत्री व मंत्रियों का पुतला दहन।

राजकुमार भगत

पाकुड़। छात्रवृत्ति राशि रोके जाने, कल्याण विभाग में कथित अनियमितताओं और अव्यावहारिक क्लस्टरिंग सिस्टम के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को जोरदार आक्रोश मार्च निकाला। यह मार्च रथ मेला मैदान से शुरू होकर बिरसा चौक तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्याण मंत्री चमरा लिंडा तथा उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य सोनू का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पाकुड़ में विद्यार्थियों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है और छात्रवृत्ति भुगतान में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। प्रदेश सह मंत्री बम भोला उपाध्याय ने कल्याण विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीएड, इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसे कोर्स कर रहे छात्रों की छात्रवृत्ति लंबे समय से लंबित है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण विभाग में छात्रों के हक की राशि में बड़ा घोटाला हुआ है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। सीआईडी जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और सभी लंबित छात्रवृत्तियों का तुरंत भुगतान हो। वहीं कॉलेज मंत्री संतोष तूरी ने क्लस्टरिंग और रिस्ट्रक्चरिंग सिस्टम को छात्रों के लिए नुकसानदायक बताया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से पाकुड़ के विद्यार्थियों पर गंभीर असर पड़ेगा। “कॉलेजों से प्रमुख विषय हटाकर जिले को सीमित दायरे में बांधा जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है। यह निर्णय छात्रों को उनके ही जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित कर देगा,” उन्होंने कहा। जिला जनजाति प्रमुख चंदन पहाड़िया ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्लस्टर सिस्टम वापस नहीं लिया गया और छात्रवृत्ति भुगतान में सुधार नहीं हुआ तो संगठन पूरे राज्य में बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था गरीब, ग्रामीण और जनजातीय छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। आक्रोश मार्च के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में विरोध का माहौल देखने को मिला। प्रदर्शन में जिला संयोजक सुमित पांडे, कॉलेज उपाध्यक्ष गोविंद यादव, नगर सह मंत्री विशाल यादव सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!