पाकुड़। दुर्गा सोरेन सेना की ओर से सोमवार को पाकुड़ में स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की 17वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सीता सोरेन एवं उनकी बेटी जयश्री सोरेन विशेष रूप से मौजूद रहीं। दोनों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन और स्वर्गीय दुर्गा सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सीता सोरेन ने कहा कि दुर्गा सोरेन सेना प्रत्येक वर्ष पुण्यतिथि कार्यक्रम का आयोजन करती है और संगठन सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनहित एवं लोकहित के मुद्दों पर लगातार कार्य कर रहा है, जिससे लोगों का जुाव संगठन के प्रति बढ़ रहा है।
झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर सीता सोरेन ने कहा कि यह निर्णय पार्टी संगठन द्वारा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह उन्हें राज्यसभा भेजना चाहेंगे तो वे अवश्य जाएंगी। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण हालात सामान्य नहीं हैं, जिसकी वजह से कीमतों में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की है और फिलहाल सोना नहीं खरीदने की सलाह भी दी है। वहीं दुर्गा सोरेन सेना की केंद्रीय अध्यक्ष जयश्री सोरेन ने कहा कि कार्यक्रम से पूर्व पाकुड़ के लोगों से मुलाकात की गई तथा महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने कहा कि दुमका से लेकर पाकुड़ तक कोयले की धूल से प्रदूषण फैल रहा है, जिससे आम लोग प्रभावित हो रहे हैं। सरकार को इस पर गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। जयश्री सोरेन ने यह भी कहा कि वह अपने पिता और दादा की विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी और झारखंड को एक आदर्श राज्य बनाने की दिशा में काम करेंगी। कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। साथ ही दर्जनों पुरुष एवं महिलाओं ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की।








