पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा
पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा में गुरुवार को एक घर के आंगन से लोहे की प्लेट चोरी करते हुए एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथ दबोच लिया गया।पकड़े गए आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिला अंतर्गत शमशेरगंज थाना क्षेत्र के उदितनगर निवासी इंजामूल हक (20 वर्ष, पिता- नासिर हुसैन) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
आंगन में घुसा था चोर, परिजनों ने दबोचा
जानकारी के अनुसार, सिंधीपाड़ा निवासी ओम प्रकाश जूमरानी के घर के आंगन में बीते कल एक अज्ञात युवक दीवार लांघकर घुस आया। वह वहां रखी लोहे की भारी प्लेट चोरी कर भागने की फिराक में था। इसी दौरान घर के सदस्यों की नजर उस पर पड़ गई। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए शोर मचाया और घेराबंदी कर युवक को मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत स्थानीय नगर थाना पुलिस को दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या 112/26 (दिनांक 21/5/26) दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2), 331(1), 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।इंस्पेक्टर सह नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया सिंधीपाड़ा में चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी इंजामूल हक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी रहेगी।





