पाकुड़। धनुषपूजा मेथोडिस्ट चर्च के तत्वावधान में मेथोडिस्ट चर्च मैदान में आयोजित तीन दिवसीय प्रार्थना महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। क्षेत्र में पड़ रही भीषण उमस और गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति ने कार्यक्रम के समय में आंशिक संशोधन किया। इसके तहत शनिवार की प्रार्थना सभा, जो पूर्व निर्धारित समय शाम 4:00 बजे शुरू होनी थी, उसे लगभग दो घंटे विलंब से शाम 6:00 बजे प्रारंभ किया गया। महोत्सव के पहले दिन जमशेदपुर से आए पास्टर अनिल किस्कू एवं ब्रदर सुशील मरांडी ने प्रभु यीशु के वचनों का प्रभावशाली संदेश देते हुए मानव जीवन में प्रेम, शांति और सेवा के महत्व को रेखांकित किया। उनकी ओजस्वी वाणी से उपस्थित श्रद्धालु गहराई से प्रभावित हुए। शनिवार की विशेष प्रार्थना सभा में वक्ताओं ने मानव कल्याण, आपसी भाईचारे और विश्व शांति की कामना करते हुए विशेष प्रार्थनाएं कराईं। इस दौरान जिले भर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित हुए और पूरी श्रद्धा के साथ उपदेशों को आत्मसात किया। भक्ति गीतों, प्रार्थनाओं और आध्यात्मिक संदेशों से पूरा वातावरण देर रात तक गूंजता रहा। करीब रात 10:00 बजे तक चले इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। तीन दिवसीय यह प्रार्थना महोत्सव रविवार को समापन के साथ संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।








