Search

May 24, 2026 9:54 pm

पाकुड़ के वरिष्ठ समाजसेवी, अधिवक्ता एवं भाजपा नेता बद्री तिवारी का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

पाकुड़। भारतीय जनसंघ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), विश्व हिंदू परिषद से जुड़े रहे तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं समाजसेवी बद्री तिवारी का मंगलवार रात 10:10 बजे निजी आवास हाटपाड़ा में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्व. बद्री तिवारी ने अपने जीवनकाल में संगठनात्मक कार्यों के माध्यम से समाजसेवा को प्राथमिकता दी। वे राम मंदिर आंदोलन से भी जुड़े रहे और इस दौरान कई बार जेल भी गए। आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी सरकार के खिलाफ आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण उन्हें भागलपुर केंद्रीय कारा में भी लंबे समय तक रहना पड़ा। वे भारतीय जनता पार्टी, पाकुड़ में संगठन विस्तार के लिए लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम करते रहे। एक वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में उन्होंने पाकुड़ न्यायालय में लंबे समय तक वकालत की तथा जरूरतमंद एवं गरीब लोगों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे लोक अभियोजक एवं सरकारी वकील के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। वे संत सतराम दास महिला महाविद्यालय में सचिव पद पर रहते हुए महिलाओं की शिक्षा के प्रसार में सक्रिय रहे। इसके अलावा वे श्री सत्य साईं सेवा संगठन, पाकुड़ के अध्यक्ष के रूप में भी समाजसेवा से जुड़े रहे।
स्व. तिवारी अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक एवं अधिवक्ता समुदाय ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!