पाकुड़ मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष जनसुनवाई आयोजित की गई। पंचायत भवनों और विद्यालयों में हुई सुनवाई में अनमैपिंग एवं नोटिस वाले मतदाताओं के दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि जांच की प्रक्रिया का उद्देश्य पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना और अपात्र नामों को रोकना है।

लिट्टीपाड़ा : 119 में 30 मतदाता पहुंचे, 28 ने पूरे दस्तावेज दिए
एसआईआर के तहत नवाडीह और बड़ा घाघरी पंचायत भवन में विशेष जनसुनवाई हुई। नवाडीह में सीओ पवन कुमार की मौजूदगी में निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करने वाले 119 मतदाताओं के मामलों की सुनवाई की गई। इनमें 30 मतदाता उपस्थित हुए। 28 ने आवश्यक दस्तावेज जमा कर दिए, जबकि दो के दस्तावेज अपूर्ण मिले। सीओ ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित 11 प्रकार के दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज को प्रस्तुत करना आवश्यक है। अभी 91 मतदाताओं ने पूर्ण दस्तावेज जमा नहीं किए हैं। ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी कर दोबारा जनसुनवाई के लिए बुलाया जाएगा। वहीं बड़ा घाघरी पंचायत भवन में बीडीओ संजय कुमार की अगुवाई में भी चिह्नित मतदाताओं की सुनवाई हुई।

हिरणपुर : 143 नो-मैपिंग मामलों की सुनवाई, वंशावली से लेकर आधार तक की जांच
प्रखंड के विभिन्न पंचायत सचिवालयों में नो-मैपिंग मतदाताओं के मामलों की सुनवाई की गई। कमलघाटी पंचायत सचिवालय में एसडीओ साइमन मरांडी और बीपीओ लिट्टीपाड़ा मानिक दास की मौजूदगी में बूथ संख्या 75 से 81 तक के 143 मामलों की सुनवाई हुई। बूथ संख्या 75 के छह मामलों में चार का निष्पादन किया गया, जबकि दो मतदाताओं को अगली तिथि दी गई। सुनवाई के दौरान वंशावली, जाति प्रमाणपत्र, आधार सहित अन्य दस्तावेजों का मिलान किया गया। कुछ मतदाताओं ने ग्राम प्रधान की अनुशंसा भी प्रस्तुत की। बीएलओ के अनुसार वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम नहीं होने सहित अन्य कारणों से कुछ मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी थी। बड़तल्ला व मंझलाडीह पंचायत में बीडीओ टुडू दिलीप तथा तोड़ाई और मोहनपुर पंचायत में सीओ मनोज कुमार की मौजूदगी में भी बूथवार सुनवाई की गई।

पाकुड़िया : 344 अनमैपिंग मतदाताओं की सुनवाई, पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन
एसआईआर के तहत मध्य विद्यालय मोंगलाबांध और खजुरडंगाल पंचायत भवन में विशेष जनसुनवाई हुई। खजुरडंगाल में बूथ संख्या 209 से 211 तक के 103 तथा मोंगलाबांध में बूथ संख्या 245 से 254 तक के 241 अनमैपिंग मतदाताओं के मामलों की सुनवाई की गई। बीडीओ सोमनाथ बनर्जी की देखरेख में हुई सुनवाई में मतदाताओं से जरूरी दस्तावेज लेकर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया। वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम नहीं होने, मतदाता के बाहर रहने, सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराने या आवश्यक दस्तावेज नहीं देने के कारण मैपिंग से वंचित मतदाताओं को नोटिस देकर बुलाया गया था। सत्यापन के बाद पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने की दिशा में कार्रवाई की गई।

महेशपुर : चार केंद्रों पर 827 मतदाताओं के दस्तावेज जांचे
एसआईआर-2026 के तहत प्रखंड के चार केंद्रों पर बड़ी संख्या में नोटिस मामलों की सुनवाई हुई। पंचायत भवन शहरग्राम, बाबुदाहा, रोलाग्राम और बलियाडंगाल में कुल 14 मतदान केंद्रों से जुड़े 827 मतदाताओं के मामलों की सुनवाई कर दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। सुनवाई सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की मौजूदगी में हुई। मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के बाद निर्वाचन नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई। प्रखंड निर्वाचन प्रशासन ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं से निर्धारित तिथि और समय पर जरूरी कागजात के साथ उपस्थित होने की अपील की है।






