Search

May 25, 2026 9:56 pm

तेज रफ्तार बालू लदा ट्रक ने मचाया कहर, टोटो को रौंदने के बाद दूसरे ट्रक से भिड़ा, दो गंभीर।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): थाना क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा-धर्मपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार को बाँसजोड़ी के समीप तेज रफ्तार बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने जमकर कहर मचाया। ट्रक ने पहले एक टोटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और फिर मौके से भागने के प्रयास में आगे चल रहे दूसरे ट्रक को भी पीछे से ठोक दिया। लगातार दो टक्करों के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में टोटो चालक और ट्रक का उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बालू लदा ट्रक संख्या JH 10 CA 8773 बिहार के जमुई से बालू लेकर आ रहा था। इसी दौरान बाँसजोड़ी के समीप ट्रक ने आगे चल रहे एक टोटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टोटो बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में रांगा थाना क्षेत्र निवासी गणेश तुरी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोटो को टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर तेजी से भागने लगा। लेकिन कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रहे दूसरे ट्रक संख्या BR 09 GA 9625 को भी पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दूसरी भिड़ंत के बाद बालू लदा ट्रक असंतुलित होकर सड़क से नीचे गड्ढे में पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक का उपचालक रोनी शेख (25 वर्ष), निवासी सकरघाट, पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र, ट्रक के केबिन में दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लिट्टीपाड़ा पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में तत्काल कोई डॉक्टर मौजूद नहीं रहने के कारण घायल रोनी शेख करीब आधे घंटे तक तड़पता रहा। बाद में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश बेसरा पहुंचे और दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डॉ. बेसरा ने बताया कि रोनी शेख की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ रेफर कर दिया गया है।
इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

img 20260525 wa00116074988042140273960
img 20260525 wa0010961750209271299734

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!