Search

May 25, 2026 10:27 pm

बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, 72 घंटे के ब्लैकआउट के बाद लोगों ने किया सड़क जाम।

इकबाल हुसैन

महेशपुर: प्रखंड क्षेत्र के बड़कियारी गांव में पिछले 72 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप रहने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीणों ने महेशपुर-पाकुड़िया मुख्य सड़क पर बड़कियारी के समीप जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि लगातार तीन दिनों से गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। भीषण उमस और गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पेयजल संकट गहरा गया है, मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पा रहे हैं और छोटे बच्चे तथा बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति सामान्य है, लेकिन बड़कियारी गांव की लगातार अनदेखी की जा रही है। विभाग की उदासीनता से लोगों में भारी आक्रोश है।
मौके पर पहुंचे झामुमो जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष रूहुल अमीन ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि 72 घंटे से गांव में बिजली नहीं रहना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी शिकायत के बाद भी फोन नहीं उठा रहे हैं। यदि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई और जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो झामुमो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगा। इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण बिजली बहाल होने तक जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और प्रशासन ग्रामीणों से वार्ता में जुटा हुआ था।

img 20260525 wa00177334978198206592699
img 20260525 wa00187258402849816216806

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!