Search

May 26, 2026 11:00 pm

बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, शांति और सुरक्षा पर विशेष नजर।

बकरीद पर्व के मद्देनजर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक

उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में आगामी ईद उल जुहा (बकरीद) त्योहार के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी पर्व बकरीद त्योहार के दौरान विधि व्यवस्था, शांति व्यवस्था एवं जनसुविधाओं तथा सुगम यातायात व्यवस्था के संदर्भ में चर्चा कर सबसे सहयोग की अपील की गई।

शांतिपूर्ण, सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संयमित तथा अनुशासित तरीके से पर्व-त्योहार मनायें: डीसी

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि आगामी पर्व बकरीद को देखते हुए विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएं रखने की आवश्यकता है। साथ ही हमें विशेष एहतियात एवं निगरानी बरतने की आवश्यकता है, ताकि शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में आगामी त्योहारों को संपन्न कराया जा सके। उपायुक्त ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को बकरीद पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु पूरी चौकसी रखने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी तथा पर्याप्त पुलिस बल प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान यदि किसी शरारती तत्व द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की कोशिश की गई, तो उसके विरुद्ध कड़ी कारवाई की जाएगी। जिला प्रशासन सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी रखेगी, सावधानी से सोशल मीडिया का उपयोग करें, किसी तरह के अफवाहों पर ध्यान नहीं दें, भ्रामक एवं अपुष्ट खबरों का सत्यापन प्रशासन से जरूर करा लें।उन्होंने बकरीद पर्व पर असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को 24X7 क्रियाशील रखते हुए निगरानी रखी जाएगी ताकि असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखा जा सके।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर की जाएगी कड़ी कार्रवाई, एसपी

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि विधि व्यवस्था बिगाड़ने तथा आपसी सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों वाले व्यक्ति के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी।संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी। आपके उत्सव के माहौल में कोई बाधा नहीं पहुंचाये इस उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा सभी एहतियाती कदम उठाये जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने अनुरोध किया कि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार के विवाद/अफवाह फैलाने वाले मैसेज का पूरी तरह खंडन करते हुए मैसेज को भेजने वाले अथवा फॉरवर्ड करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध संबंधित थाने को त्वरित रूप से सूचित करेंगे। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के बारे में नजदीकी थाने अथवा जिला प्रशासन को सूचित करने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पाकुड़ जिले को अग्रणी जिला की सूची में ले जाना है। इसके लिए आप सभी गणमान्य लोगों को आगे आना होगा। मौके पर उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक, आईटीडीए अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद, अध्यक्ष, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महेशपुर एवं पाकुड़, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं जिला के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!