पाकुड़। बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पाकुड़ की ओर से बुधवार को व्यवहार न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार पर प्याऊ सह राहत शिविर का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय ने किया। यह आयोजन झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ एवं लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। उद्घाटन के अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर पांडेय ने कहा कि भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए आमजनों, अधिवक्ताओं, मजदूरों एवं राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से प्याऊ की व्यवस्था की गई है। यहां शीतल पेयजल के साथ-साथ फ्रूटी, शरबत एवं ओआरएस की भी व्यवस्था की गई है, ताकि लोग लू और डिहाइड्रेशन से बच सकें। उन्होंने अपने हाथों से अधिवक्ताओं, राहगीरों और आम लोगों को शीतल जल, फ्रूटी, शरबत एवं ओआरएस पिलाकर राहत शिविर की शुरुआत की। इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि उमस भरी गर्मी में यह व्यवस्था काफी राहत देने वाली साबित होगी। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक, अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्र, डालसा सचिव रूपा बंदना किरो, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्ज्वल बेक, प्रभारी न्यायाधीश विजय कुमार दास, बार एसोसिएशन के सचिव दीपक ओझा, लायंस क्लब के सदस्य, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के अधिवक्ता, मेडियेटर, पैनल अधिवक्ता, न्यायालय कर्मी एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।







