206 पदों पर भर्ती के लिए कैंप, 6 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट; 26 युवाओं का कराया गया निबंधन।
पाकुड़। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए शनिवार को पाकुड़ में रोजगार का अवसर लेकर आया। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर की ओर से एक दिवसीय भर्ती सह निबंधन कैंप लगाया गया। इसमें 206 रिक्त पदों के लिए 185 से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। कैंप में निजी क्षेत्र की तीन कंपनियों डस्की स्टैलियन एजुकेशन एंड ट्रेनिंग सर्विसेज, जवाहरी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और जेआरएस टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड ने विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया की। इसमें एनएपीएस ट्रेनी, टूल्स मेंटेनर, पैकिंग एंड क्वालिटी, पैकिंग टूल्स और मोबिलाइजर ट्रेनर समेत अन्य पद शामिल थे।
भर्ती प्रक्रिया के बाद 9 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 6 अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, निबंधन कैंप में 26 युवक-युवतियों का झारनियोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया।
हुनर बढ़ाने पर जोर
कैंप के उद्घाटन के दौरान जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने जिला नियोजनालय में उपलब्ध आईटी लैब, पुस्तकालय और कैरियर काउंसलिंग जैसी सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकालय के उपयोग और आवश्यक मार्गदर्शन की जानकारी भी दी गई। कौशल विकास विभाग के तहत संचालित जेआरएस स्किल सेंटर के प्रतिनिधियों ने युवाओं को जिले में चल रहे कौशल प्रशिक्षण केंद्रों और प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। जिला नियोजनालय की ओर से बताया गया कि युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के लिए भविष्य में भी लगातार रोजगार मेला और भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे।








