महिला हितैषी पंचायत श्रेणी में मिला राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार, दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों ने किया सम्मानित
पाकुड़ जिले की झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत ने पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास और सुशासन के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के बल पर पंचायत ने “महिला हितैषी पंचायत” श्रेणी में देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए पंचायत को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह में केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. बघेल ने पंचायत के प्रतिनिधियों को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। सम्मान ग्रहण करने वालों में जिला परिषद अध्यक्ष जूली ख्रिष्टमुनि हेम्ब्रम, उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, मुखिया नरगिसा सुल्तान तथा पंचायत सचिव मो. मुस्तकिर शामिल रहे।
झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत को यह सम्मान महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए किए गए नवाचारों, जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों तथा पंचायत स्तर पर प्रभावी सुशासन की पहलों के कारण मिला है। पंचायत ने महिला नेतृत्व को मजबूत करने, समुदाय की भागीदारी बढ़ाने और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत की यह सफलता पूरे पाकुड़ जिले और झारखंड के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान जिले की पंचायतों द्वारा जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण और सतत विकास के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले की अन्य पंचायतें भी इससे प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करेंगी।







