अक्षय कुमार
रामगढ़। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के संस्थापक प्रेरणास्रोत स्वर्गीय गोविंद साह एवं स्वर्गीय राधा देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति एवं सम्मान के साथ पूजन एवं स्मरण समारोह का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिवार के सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।


स्व. गोविंद साह एवं स्व. राधा देवी की स्मृति में ही राधा गोविंद शिक्षा स्वास्थ्य ट्रस्ट तथा विश्वविद्यालय की स्थापना की गई, जिसका उद्देश्य समाज के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करना है। आचार्य मुकेश पांडेय ने वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजन, यज्ञ और हवन संपन्न कराया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा।उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी एन साह ने कहा कि उनके माता-पिता का जीवन सादगी, सेवा, त्याग एवं शिक्षा के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनके आशीर्वाद और आदर्श ही विश्वविद्यालय की प्रेरणा हैं तथा इन्हीं मूल्यों के आधार पर संस्थान निरंतर शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि स्व. गोविंद साह एवं स्व. राधा देवी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और उनकी स्मृतियां सदैव विश्वविद्यालय परिवार को समाज एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करती रहेंगी।

मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो (डॉ) रश्मि, कुलसचिव प्रो (डॉ) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो (डॉ) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार,सभी विभागों के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










