रोलाग्राम में तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन, वीर दिशोम अमड़ापाड़ा ने जीता खिताब।
इकबाल हुसैन
महेशपुर: हूल दिवस के अवसर पर महेशपुर प्रखंड के रोलाग्राम में सिद्धो-कान्हू क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी शामिल हुईं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फुटबॉल को हवा में उछालकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले उपासना मरांडी ने रोलाग्राम चौक स्थित वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सिद्धो-कान्हू क्लब के सदस्यों ने पारंपरिक ढोल, नगाड़े और मांदर की थाप के साथ उनका स्वागत किया।
फाइनल मुकाबला वीर दिशोम अमड़ापाड़ा और जोहार झारखंड टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में वीर दिशोम अमड़ापाड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल की बढ़त के साथ खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 80 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 60 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपासना मरांडी ने कहा कि हूल दिवस वीर शहीद सिद्धो-कान्हू, चांद और भैरव के संघर्ष, बलिदान और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 30 जून 1855 को संताल हूल के माध्यम से इन वीरों ने अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की थी, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने युवाओं से खेल के माध्यम से अनुशासन, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने की अपील की। मौके पर झामुमो जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष दिलीप सोरेन, मुखिया नरेश मुर्मू, रोशेन किस्कु, साइमन मुर्मू, बोडो हेंब्रम, बाबुधन मरांडी, एंथोनी मुर्मू, विनय मुर्मू, मिहीलाल, राजेंद्र, लुकास सहित क्लब के अध्यक्ष दीपक मुर्मू, सचिव जेम्स हेंब्रम, कोषाध्यक्ष लुकास मुर्मू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेलप्रेमी और झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।












