कड़े मुकाबले के बाद घोषित हुए नतीजे, पुलिसकर्मियों ने संतुलित नेतृत्व को सौंपी संगठन की जिम्मेदारी।
पाकुड़। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के वर्ष 2026 के चुनाव में रविवार को हुए मतदान के बाद देर शाम घोषित परिणामों में पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) रामाशीष सिंह अध्यक्ष और अनिल पंडित उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। पूरे दिन चले मतदान और मतगणना के बाद आए नतीजों ने पुलिस महकमे में नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया। चुनाव में सात इंस्पेक्टर, 82 पुलिस अवर निरीक्षक सहित करीब 200 पुलिसकर्मियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बार चुनाव दो मजबूत पैनलों के बीच सीधा मुकाबला रहा। एक पक्ष ने “सेवा ही लक्ष्य” और “पुलिस एकता जिंदाबाद” के नारे के साथ चुनाव लड़ा, जबकि दूसरे पैनल ने पुलिसकर्मियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देते हुए लंबित एसीपी-एमएसीपी, समय पर पदोन्नति, पारदर्शी तबादला, पुलिस क्वार्टरों की सुविधाओं और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था जैसे वादों के साथ चुनाव मैदान में उतरा।
जामताड़ा से वनकुझु मुर्मू तथा गोड्डा से गणेश कुमार पाण्डेय और विजय कुमार शर्मा की निगरानी में मतदान और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। घोषित परिणामों में अध्यक्ष पद पर राम आशीष सिंह ने चंदन कुमार सिंह को पराजित किया। उपाध्यक्ष पद पर अनिल पंडित ने द्वारिकानाथ तिवारी को हराया। सचिव पद पर सुराई तापे, कोषाध्यक्ष पद पर अनंत राम तथा संयुक्त सचिव पद पर मंगल किस्कु विजयी घोषित किए गए। परिणाम घोषित होते ही विजयी उम्मीदवारों का साथियों ने फूल-मालाओं और अबीर-गुलाल से स्वागत किया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, पुलिसकर्मियों के हितों की रक्षा करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का भरोसा जताया।










