Search

August 24, 2026 8:59 pm

ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील।

सानू कुमार

महेशपुर। ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर सोमवार को महेशपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ विजय कुमार ने की। बैठक में पर्व के दौरान क्षेत्र में अमन, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद मुस्तफा (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) की शिक्षाएं इंसानियत, अद्ल और रहमत का संदेश देती हैं। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर सजावट व जुलूस के साथ उनकी सीरत से प्रेरणा लेकर समाज में शांति, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश फैलाने की जरूरत है।
एसडीपीओ विजय कुमार और थाना प्रभारी रवि शर्मा ने लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में पुलिस की पैनी नजर रहेगी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में महबूब आलम, विजय भंडारी, पप्पू अंसारी, केताबुल शेख, अमीन शेख, मुताहार शेख, अनिता मुर्मू, बिनीता मुर्मू सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!