अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के डूमरचीर अंतर्गत जेटके टोला गांव में बुधवार को एक महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घर में अकेली सो रही महिला का शव खटिया पर खून से लथपथ मिला। मृतका की पहचान गांव निवासी मलोती मरांडी के रूप में हुई है। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय मलोती घर में अकेली थी, जबकि उसके माता-पिता और अन्य परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। बुधवार सुबह जब वे लौटे तो घर के भीतर खटिया पर मलोती का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और गांव में अफरा-तफरी मच गई।
मृतका की मां मरांगमय हेम्ब्रम ने बताया कि मलोती की पहली शादी जामकनाली में हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे हैं। बाद में संबंध विच्छेद होने के बाद उसने साहेबगंज के बैलबथान में दूसरी शादी की, जहां से उसका एक बच्चा है। करीब दो महीने पहले वह दूसरी ससुराल छोड़कर मायके जेटके टोला आकर रह रही थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनूप रोशन भेंगरा, एसआई चंदन कुमार और एसआई बुदिलाल मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मामले के खुलासे के लिए साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।







